ऑपरेशन कन्विक्शन का असर: गौतमबुद्धनगर में 20 महीने में 2021 अपराधियों को सजा, 98 को उम्रकैद!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी करते हुए अपराधियों को सजा दिलाने का सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस ने हत्या, पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, दहेज हत्या, अपहरण, लूट, डकैती समेत विभिन्न गंभीर अपराधों में अभियोजन की प्रभावी पैरवी कर 1 जनवरी 2025 से 16 सितंबर 2026 तक कुल 2021 अपराधियों को न्यायालय से सजा दिलाई है।
पुलिस के अनुसार, इस अवधि में कुल 1733 अभियोगों में प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप सजा कराई गई। इनमें पॉक्सो एक्ट के 40, दुष्कर्म के 7, अपहरण के 5, हत्या के 48, डकैती के 4, लूट के 41, गैंगस्टर एक्ट के 21, चोरी के 535, आर्म्स एक्ट के 543 तथा अन्य मामलों से जुड़े 489 अभियोग शामिल हैं।
98 अपराधियों को मिली उम्रकैद
कमिश्नरेट पुलिस की प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप न्यायालय ने 98 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा 25 अपराधियों को 10 से 20 वर्ष तक तथा 58 अपराधियों को 5 से 10 वर्ष तक के कारावास से दंडित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन कन्विक्शन का उद्देश्य गंभीर अपराधों में विवेचना को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के साथ-साथ अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करना है। इसके तहत मुकदमों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्षियों को समय से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया जा रहा है और मजबूत साक्ष्य के आधार पर अपराधियों को उनके किए अपराध की सजा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने के साथ अपराधियों में कानून का भय पैदा करने में भी मदद मिल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में प्रभावी पैरवी का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।
