मंगलवार, 15 सितंबर 2026

मऊ : कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज की शिकायत पर बना रास्ता।||Mau: The road was built following a complaint from Class 1 student Samara Naz.||

शेयर करें:
मऊ : 
कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज की शिकायत पर बना रास्ता।
◆डीएम ने मौके पर पहुंचकर परखी गुणवत्ता।
दो टूक : मऊ नगर पालिका परिषद मऊ के वार्ड नंबर-17 स्थित भटकुला पट्टी में कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज की शिकायत पर रास्ते का निर्माण कार्य पूरा करा दिया गया। जनसुनवाई के दौरान छात्रा ने जिलाधिकारी के समक्ष रास्ते की समस्या रखी थी, जिस पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शिकायत के निस्तारण के बाद जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन मंगलवार को भटकुला पट्टी पहुंचे और नवनिर्मित रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्माण से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आसपास की गलियों का भी सर्वे कराकर जरूरत के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की अन्य समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने छात्रा समारा नाज से मुलाकात कर उसे साइकिल और चॉकलेट उपहार में दी। रास्ते का निर्माण पूरा होने और उपहार मिलने से समारा नाज काफी खुश नजर आई। छात्रा और उसके परिजनों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों तथा जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेने की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और आमजन को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मऊ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।