सोमवार, 3 अगस्त 2026

मऊ :पहले सावन सोमवार पर शिवभक्तों का सैलाब,"हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजा इलका।।||Mau:On the first Monday of Sawan, a flood of Shiva devotees filled the area with chants of "Har Har Mahadev."||

शेयर करें:
मऊ :
पहले सावन सोमवार पर शिवभक्तों का सैलाब,"हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजा इलका।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक :  सावन के पहले सोमवार पर तड़के भोर से हो रही बारिश के बीच  शिवालयों में सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतारें, कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से भक्तोँ ने जलाभिषेक कर दर्शन किया।
विस्तार :
मऊ। सावन माह के पहले सोमवार को जनपद पूरी तरह शिवमय नजर आया। जिले के प्रमुख शिवालयों में तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के गगनभेदी जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गए। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का गंगाजल, दुग्ध, शहद एवं पंचामृत से अभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित किए तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की।
सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तथा पीएसी के जवानों की पर्याप्त तैनाती की गई। मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी मधुबन, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद तथा क्षेत्राधिकारी सिटी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिरों में बैरिकेडिंग कर कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गई। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस तैनात रही और पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाई गई। पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भीड़ प्रबंधन में सक्रिय रहे, जिससे दर्शन-पूजन की व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रही।
शिवालयों में भोर से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और शिव आराधना का आयोजन भी हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर परिवार की खुशहाली, प्रदेश की समृद्धि और देश में सुख-शांति की प्रार्थना की।
प्रशासन की प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था।
 सुव्यवस्थित प्रबंधन और पुलिस की सतर्कता के चलते सावन के पहले सोमवार का पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर प्रबंधन के कारण बिना किसी परेशानी के सहज और सुरक्षित तरीके से बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने का अवसर मिला।