सोमवार, 3 अगस्त 2026

सुल्तानपुर : मुंबई से घर लौटे कंस्ट्रक्शन कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली,मचा हड़कंप।।||Sultanpur: Miscreants shot a construction businessman returning home from Mumbai, causing panic.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर : 
मुंबई से घर लौटे कंस्ट्रक्शन कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली,मचा हड़कंप।।
पेट चीरती हुई निकली गोली, लखनऊ रेफर।
दो टूक : सुल्तानपुर जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने मुंबई से घर आए एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी पर जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। घात लगाकर बैठे हमलावरों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली उनके पेट में लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर हालत में उन्हें पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार, बंधुआकला थाना क्षेत्र के अतागंज हसनपुर निवासी मिर्जा सफीर बेग मुंबई में कंस्ट्रक्शन का कारोबार करते हैं। रविवार रात करीब 11 बजे वह कुड़वार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी महाराजगंज गांव के बाहर रेपुरवा पुलिया के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जमीन के 69 लाख रुपये के सौदे पर पुलिस की नजर
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश और करीब 69 लाख रुपये के जमीन सौदे का विवाद सामने आ रहा है। परिजनों का आरोप है कि जमीन खरीदने के लिए रकम दिए जाने के बावजूद अब तक बैनामा नहीं किया गया, जिससे विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल पर भी गंभीरता से जांच कर रही है और सभी संभावित कारणों को खंगाल रही है।
तहरीर का इंतजार, आरोपियों की तलाश जारी
कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि घायल का इलाज लखनऊ में चल रहा है। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।