सोमवार, 3 अगस्त 2026

लखनऊ :सिर्फ एक घंटे की बारिश ने डुबो दिया तेलीबाग,घरों में घुसा पानी,फूटा जनता का गुस्सा।।||Lucknow:Just one hour of rain submerged Telibagh, flooding homes, and sparking public anger.||

शेयर करें:
लखनऊ :
सिर्फ एक घंटे की बारिश ने डुबो दिया तेलीबाग,घरों में घुसा पानी,फूटा जनता का गुस्सा।।
एक घंटे की बारिश ने खोली नगर निगम के दावों की पोल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नगर निगम जोन आठ के खरिका वार्ड तेलीबाग में सोमवार को हुई करीब एक घंटे की बारिश ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। क्षेत्र के कई मोहल्लों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। जलभराव से परेशान क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो जल्द ही जन आंदोलन किया जाएगा।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ नगर निगम जोन आठ के खरिका वार्ड मोहल्ला गोपाल नगर तेलीबाग मे सोमवार तड़के भोर मे हुई बारिश ने जलनिकासी की पोल खोलकर रख दी। इस बारिश से कालोनी की गलियां जलमग्न हो गई और पानी घरो तक पहुच गया जिससे जनजीवन अस्त ब्यस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात से पहले नालों और नालियों की सिल्ट निकालने तथा सफाई का दावा नगर निगम द्वारा किया जाता है लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्य नहीं होता। केवल औपचारिकता निभाकर फोटो खिंचवा दिए जाते हैं, जबकि बारिश होते ही पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार देवीखेड़ा, राम भरोसे, मैकूलाल इंटर कॉलेज के पीछे का इलाका, कुबेर बगिया, डिफेंस कॉलोनी और गोपाल नगर समेत पूरे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। 
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल गोपाल नगर का नहीं बल्कि उन सभी परिवारों का दर्द है जिनके घरों में हर साल बारिश का पानी घुस जाता है और लाखों रुपये का नुकसान होता है।
गोपाल नगर के निवासियों का आरोप है कि डिफेंस कॉलोनी का पूरा बारिश का पानी गोपाल नगर की ओर आता है जिससे यहां की स्थिति सबसे अधिक खराब हो जाती है। क्षेत्र में पहले से बना अंडरग्राउंड नाला भी पानी की निकासी करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। नतीजतन सड़कें और गलियां घंटों तक जलमग्न रहती हैं तथा लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो जाता है।
बारिश के दौरान कई वाहनों में भी पानी भर गया। कुछ वाहन मालिकों का कहना है कि उनकी कारें खराब हो गईं जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लोगों ने मांग की है कि यदि प्रशासन की लापरवाही से नुकसान हुआ है तो इसकी भरपाई नगर निगम और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से सभी प्रकार के कर और टैक्स जमा करते हैं इसके बावजूद उन्हें हर वर्ष जलभराव, गंदगी और बदहाल व्यवस्था का सामना करना पड़ता है। उनका सवाल है कि आखिर टैक्स देने के बाद भी उन्हें इतनी बदहाल परिस्थितियों में जीवन जीने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक पूरे क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण नहीं किया जाएगा और डिफेंस कॉलोनी के पानी की अलग निकासी व्यवस्था नहीं बनाई जाएगी, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
क्षेत्र में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर स्थायी समाधान चाहिए।