सोमवार, 10 अगस्त 2026

मऊ : फूलन देवी की जयंती पर सपा ने भरी हुंकार।||Mau: SP roared on Phoolan Devi's birth anniversary.||

शेयर करें:
मऊ : 
फूलन देवी की जयंती पर सपा ने भरी हुंकार।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का भाजपा-बसपा पर बोले हमला-2027 में जनता देगी जवाब।
दो टूक : ओपी राजभर पर भी साधा निशाना, कहा—सपा में शामिल होने का सवाल ही नहीं; आरक्षण, पेपर लीक और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
विस्तार :
मऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सोमवार को घोसी पहुंचे, जहां उन्होंने घोसी के पूर्व विधायक स्वर्गीय सुधाकर सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने वीरांगना फूलन देवी की जयंती पर उन्हें भी याद किया। 
प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बात रखी।
मऊ की दो विधानसभा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर श्याम लाल पाल ने कहा कि बसपा को प्रत्याशी उतारने दीजिए, इससे समाजवादी पार्टी को कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बसपा का कैंडिडेट चुनाव आते-आते भी बदल जाता है।” उन्होंने दावा किया कि जनता का रुख स्पष्ट है और वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की व्यवस्था को बचाने के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।
आरक्षण को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर आरक्षण के मामले में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आरक्षण की व्यवस्था को सुरक्षित रखना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाएगी।
ओमप्रकाश राजभर पर तीखा हमला
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर श्याम लाल पाल ने उन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर का न तो समाज से कोई सरोकार है और न ही राजनीति से। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर कभी अखिलेश यादव तो कभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बयान देते रहे हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि ओमप्रकाश राजभर के लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले नहीं हैं और उन्हें पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा।
अजय राय के बयान पर बोले—यह उनका व्यक्तिगत विचार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा मायावती को लेकर दिए गए बयान पर श्याम लाल पाल ने कहा कि यह अजय राय का व्यक्तिगत विचार है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उन सभी लोगों का सम्मान करती है जो संविधान की रक्षा के लिए खड़े होते हैं।
गोरखपुर मामले और पेपर लीक को लेकर सरकार पर हमला
गोरखपुर से जुड़े कथित मामले को लेकर भी सपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि प्रभु राम के घर में इस तरह का मामला सामने आ सकता है तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की गतिविधियां होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों का जवाब जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।
एथेनॉल के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
एथेनॉल को लेकर पूछे गए सवाल पर श्याम लाल पाल ने पुराने उदाहरण का हवाला देते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पहले निजी दुकानदारों द्वारा डीजल-पेट्रोल में मिट्टी का तेल मिलाने के आरोप में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जाती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी व्यवस्था में भी किसी प्रकार की मिलावट होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर क्यों नहीं होनी चाहिए।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता के बीच पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। घोसी दौरे के दौरान उनके बयानों से जिले की सियासत में भी हलचल तेज होने के संकेत मिले।