लखनऊ :
बंद पड़े घरों को निशाना बनाने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार,चोरी का माल बरामद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने बंद पड़े घरों में घुसकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नगदी, तार समेत अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
विस्तार :
गोमतीनगर इस्पेक्टर बृजेशचंद्र त्रिपाठी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने गोमतीनगर विस्तार और गोमतीनगर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा होने का दावा किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू गौतम पुत्र दन्नू, निवासी जहांगीरपुरी, नई दिल्ली, हाल पता लक्ष्मणपुरी थाना गाजीपुर लखनऊ, रामदयाल साहनी पुत्र मजनू साहनी, निवासी सीतामढ़ी बिहार, हाल पता विजय बिहार तकरोही थाना इंदिरानगर तथा विशाल रावत पुत्र रामपाल रावत, निवासी कठौता विजयन्तखण्ड थाना विभूतिखण्ड लखनऊ के रूप में हुई है।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 10 अगस्त की रात करीब 1:40 बजे सेक्टर-4 स्थित ईदगाह के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पीली धातु के कंगन, मंगलसूत्र के लॉकेट, बिछिया, पायल, करीब 2.6 किलोग्राम विभिन्न रंगों के तार, 8,100 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की अपाचे बाइक संख्या UP32LJ9318 बरामद की गई।
तीन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने विज्ञानखण्ड स्थित एक मकान की खिड़की तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी की थी। इसके अलावा सेक्टर-5 गोमतीनगर विस्तार स्थित मकान का ताला तोड़कर वायरिंग के तार चोरी किए थे।
वहीं 8 अगस्त की रात विनीतखण्ड स्थित एक मकान में घुसकर Lenovo लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल चार्जर, बैग, चांदी की मूर्ति और नगदी चोरी करने की घटना में भी आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
विशाल पर दर्ज हैं कई मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी विशाल रावत के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं मोनू गौतम के खिलाफ भी गाजीपुर थाने में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवानंद सिंह, उमंग कसौधन, गौरी शंकर चौबे, मिथलेश सिंह, शुभम अवस्थी, अंकित कुमार सहित थाना गोमतीनगर विस्तार की पुलिस टीम शामिल रही।
