गोंडा- खाद्यान्न वितरण में धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में फरार चल रहे एक कोटेदार को इटियाथोक पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार खाद्य तथा रसद विभाग ने ग्राम पंचायत बेलवा कर्मडीह के उचित दर विक्रेता रघुराज पुत्र रामफेर की जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी थी। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने बीते 23 अप्रैल 2025 को मुकदमा दर्ज करने का अनुमोदन दिया था। इसके आधार पर थाना इटियाथोक में मुकदमा अपराध संख्या 89/2025 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी, 409 भादवि व 3/4 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रघुराज व प्रमोद शुक्ला के विरुद्ध केस दर्ज किया गया था। इसी क्रम में अब थाना इटियाथोक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त रघुराज पुत्र रामफेर निवासी बेलवा कर्मडीह को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया है।