गुरुवार, 13 अगस्त 2026

मऊ : कल्पनाथ राय की विरासत पर सियासी संग्राम तेज,सीता राय के तेवर से गरमाई राजनीति।||Mau: The political battle over Kalpnath Rai's legacy intensifies, with Sita Rai's stance heating up politics.||

शेयर करें:
मऊ : 
कल्पनाथ राय की विरासत पर सियासी संग्राम तेज,सीता राय के तेवर से गरमाई राजनीति।।
मंत्री ए.के. शर्मा पर गंभीर आरोप, सीता राय बोलीं“मेरा नाम सीता है, हर परीक्षा के लिए तैयार हूं।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  मऊ की सियासत में स्व. कल्पनाथ राय की विरासत को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं स्व. कल्पनाथ राय की बहू सीता राय ने गुरुवार को भीटी स्थित एक प्लाजा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि घोसी के चक सादी में 5 मेगावाट सौर ऊर्जा प्लांट के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से उनके परिवार की निजी बातों को उठाकर उन्हें अपमानित किया गया।
सीता राय ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन किसी परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक मंच पर लाकर उसे अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में परिवार की राजनीतिक महत्वाकांक्षा और कथित आपसी मतभेदों को लेकर की गई टिप्पणियों से उन्हें गहरा आघात पहुंचा।
“कल्पनाथ होना और कल्पनाथ कहने में बहुत बड़ा फर्क”
मंत्री ए.के. शर्मा पर सीधा निशाना साधते हुए सीता राय ने कहा कि मऊ में खुद को “विकास पुरुष” बताने का प्रचार किया जा रहा है, लेकिन जनता विकास के दावों और हकीकत के बीच का फर्क अच्छी तरह समझती है।
उन्होंने कहा, “कल्पनाथ होना और कल्पनाथ कहने में बहुत बड़ा फर्क है।” सीता राय ने मंत्री की राजनीतिक सक्रियता पर भी सवाल उठाते हुए कटाक्ष किया कि ऐसा लगता है जैसे टिकट जेब में लेकर घूम रहे हों। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और वक्त आने पर इसका जवाब भी देगी।
भावुक हुईं सीता राय—“मैं हर परीक्षा के लिए तैयार हूं”
प्रेस वार्ता के दौरान सीता राय कई बार भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय के परिवार और उनकी विरासत का सम्मान उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा, “मेरा नाम भी सीता है, मैं हर परीक्षा देने के लिए तैयार हूं।”
उनके इस बयान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल भावुक कर दिया। सीता राय ने कहा कि वह अपने सम्मान और स्व. कल्पनाथ राय की स्मृतियों से जुड़े मुद्दों पर पीछे हटने वाली नहीं हैं।
जनता से एक-एक रुपये का सहयोग लेकर बनेगी विशाल प्रतिमा
प्रेस वार्ता में सीता राय ने एक बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि मऊ की जनता के सहयोग से स्व. कल्पनाथ राय की विशाल प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। इसके लिए वह आम लोगों से एक-एक रुपये का सहयोग लेकर अभियान चलाएंगी।
उन्होंने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय ने मऊ के विकास में जो योगदान दिया, उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। प्रस्तावित प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि मऊ के विकास में उनके योगदान और उनकी स्मृतियों को जीवित रखने का प्रयास होगी।
आरोपों के बाद अब मंत्री के जवाब का इंतजार
सीता राय के आरोपों और प्रतिमा स्थापित कराने के ऐलान के बाद जिले की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
अब इस पूरे प्रकरण में निगाहें मंत्री ए.के. शर्मा की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। फिलहाल सीता राय द्वारा लगाए गए आरोपों पर मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष सामने आने के बाद विवाद की पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
मऊ की सियासत में कल्पनाथ राय की विरासत का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है और आने वाले दिनों में यह विवाद किस राजनीतिक मोड़ पर पहुंचता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।