लखनऊ :
कृष्णानगर में जेवर साफ, पीजीआई में बाइक गायब; चोरों के आगे पुलिस बेबस।।दो टूक : राजधानी लखनऊ के साउथ जोन में बेखौफ चोरों ने कहीं ताले टूटे,तो कहीं आफिस के सामने से बाइक चुरा ले गए, लखनऊ में चोरों के बढ़ते कहर पब्लिक परेशान है और चोरों के आगे पुलिस बेबस दिखाई दे रही है। साउथ जोन के दस दिनों मे दस थानों क्षेत्र में लगभग एक दर्जन से अधिक अन्दर और बाहर की चोरी की घटनाओं ने दहशत फैला रखा है।
इसकी बानगी कृष्णानगर थाना क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात समेत घरेलू सामान चोरी कर ले गए। वहीं पीजीआई थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
कृष्णानगर में बंद मकान से जेवरात और चांदी का सामान चोरी।
जानकारी के अनुसार थाना कृष्णा नगर क्षेत्र के मानस नगर निवासी प्रेमलता राय 11 अगस्त को अपने भाई के घर आशुतोष नगर गई थीं और रात वहीं रुक गईं। 12 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे घर लौटीं तो बाहर गेट का ताला बंद मिला, जबकि घर के दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो चोरों ने आलमारी, बेड, बक्से और अटैची के ताले तोड़कर सामान बिखेर रखा था। पीड़िता के मुताबिक चोर सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के, चांदी की तश्तरी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जेवरात की सूची और रसीद बाद में उपलब्ध कराई जाएगी।
मामले में 17 अगस्त को कृष्णानगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीजीआई में आफिस के सामने खड़ी बाइक चोरी।
दूसरी घटना पीजीआई थाना क्षेत्र की है। वृंदावन योजना निवासी संकल्प गोस्वामी के मुताबिक वह 8 अगस्त को अपनी हीरो HF Deluxe मोटरसाइकिल से सेक्टर-12 बी स्थित कहलौ एंपोरियम प्रथम के सामने पहुंचे थे। उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और डिलीवरी लेने अंदर चले गए।
कुछ देर बाद वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बाइक बरामद करने की मांग की है।
पीड़ित ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने की भी मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
