गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा के गर्ल्स हॉस्टल में भीषण आग, मची अफरा-तफरी; दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र स्थित सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल परिसर में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग कॉलेज की पहली मंजिल पर बने स्टोर में रखे फर्नीचर और अन्य सामान में लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दमकल विभाग के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8:08 बजे फूले बालिका इंटर कॉलेज, कासना के प्रथम तल पर बने स्टोर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट की टीम मौके के लिए रवाना हुई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने तत्परता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, आग प्रथम तल पर स्थित बंद कमरों में रखे फर्नीचर व अन्य सामान में लगी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग की टीम द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
कॉलेज परिसर में छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध है। आग लगने की सूचना के बाद परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, घटना में किसी छात्रा, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के घायल होने अथवा हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।।
