गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चलती कैब बनी आग का गोला, तेज धमाके से टूटे शीशे; चालक ने कूदकर बचाई जान!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-99 के पास सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक वैगनआर टैक्सी अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि घटना के वक्त कैब में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, वैगनआर टैक्सी सेक्टर-104 रेड लाइट से आम्रपाली सफायर की ओर जा रही थी। सेक्टर-99 के पास पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग की तेज लपटें उठने लगीं। खतरा भांपते ही चालक ने वाहन रोककर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
कुछ ही देर में आग इतनी विकराल हो गई कि पूरी कैब धू-धूकर जलने लगी। सड़क पर चलती कार को आग का गोला बना देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान वाहन के अंदर से तेज आवाज के साथ धमाका होने की बात भी सामने आई, जिसके बाद कार के शीशे टूट गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जलती हुई कैब से निकलती आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं।
दमकल की टीम ने करीब 20 मिनट में पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास फैलने से रोकते हुए करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, आग के दौरान वाहन के अंदर अत्यधिक गर्मी और गैस बनने के कारण तेज आवाज होने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि आग के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कैब को सड़क से हटाया गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर चलते वाहनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।।
