मंगलवार, 18 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: करोड़ों की नकदी चोरी का सनसनीखेज खुलासा, सेक्टर-20 पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा; ₹1.48 करोड़ बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: करोड़ों की नकदी चोरी का सनसनीखेज खुलासा, सेक्टर-20 पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा; ₹1.48 करोड़ बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 48 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस की यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई।

पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनीगंधा चौराहे से फिल्म सिटी की ओर जाने वाले रास्ते से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार, पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा, जितेन्द्र कुमार, सुमित कुमार, अनिल कुमार और नीशू चौहान के रूप में हुई है।

निवेश के नाम पर पैसा लेने के बाद रची चोरी की साजिश

पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी अवनीश कुमार अपने अन्य साथियों आशीष, आदर्श और भरत के साथ सीए फर्म चलाता है और निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेकर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, अवनीश को अपने द्वारा लगाए गए पैसे वापस नहीं मिल रहे थे। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रकम चोरी करने की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि बरामद रकम आशीष द्वारा निवेशक उपलब्ध कराने के नाम पर वादी से ली गई थी। इसी रकम को अवनीश ने अपने पांच अन्य साथियों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर चोरी करने की योजना बनाई। आरोपियों ने सेक्टर-25 नोएडा स्थित आशीष की गैराज को निशाना बनाया और वहां से रकम चोरी कर ली।

लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली सफलता

चोरी की घटना के बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹1.48 करोड़ की नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई ऑरा कार बरामद हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश कुमार (33) निवासी ग्राम साथा, थाना जवां, जिला अलीगढ़, पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा (28) निवासी ग्राम मदैम, थाना राया, जिला मथुरा, जितेन्द्र कुमार (24) निवासी ग्राम बसई, थाना सिकंदराराऊ, जिला हाथरस, सुमित कुमार (22) निवासी नगला सावित, थाना जैथरा, जिला एटा, अनिल कुमार (22) निवासी ग्राम किशनपुर, थाना विजयगढ़, जिला अलीगढ़ तथा नीशू चौहान (29) निवासी ग्राम साथा, थाना जवां, जिला अलीगढ़ शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, अवनीश कुमार बीएससी पास है और पिछले करीब एक वर्ष से ट्रेडिंग/इन्वेस्टमेंट से जुड़े काम में था। वहीं पवन ओला-उबर टैक्सी चालक, जितेन्द्र और अनिल शराब की दुकानों पर सेल्समैन, सुमित निजी नौकरी तथा नीशू खेती का काम करता है।

कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आरोपी पवन के खिलाफ मथुरा के थाना राया और छाता में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराओं समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ वर्ष 2023 से 2025 के दौरान मारपीट और अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

आरोपी अनिल के खिलाफ हाथरस जनपद में एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी जितेन्द्र के खिलाफ बुलंदशहर के थाना अरनिया में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

₹1.48 करोड़ नकद और ऑरा कार बरामद

थाना सेक्टर-20 पुलिस की कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 48 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई ऑरा कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। इतनी बड़ी रकम की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई की अहम सफलता माना जा रहा है।

मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच जारी

इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 340/2026 के तहत धारा 305ए/331(4)/317(2)/61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 1 करोड़ 48 लाख रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त ऑरा कार बरामद की है। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत, चोरी की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।।