गौतमबुद्धनगर: इकोटेक-3 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों के साथ तीन युवक गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को थाना इकोटेक-3 पुलिस टीम खैरपुर गोल चक्कर से ग्राम वैदपुरा की तरफ जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद होने पर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन भाटी उर्फ सुच्चा पुत्र ललित कुमार, निवासी ग्राम फिरोजपुर, थाना चोला, बुलंदशहर, उम्र 19 वर्ष; दक्ष सोलंकी उर्फ हिमांशु पुत्र बिट्टू सिंह, निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना चोला, बुलंदशहर, उम्र करीब 21 वर्ष; तथा लक्ष्मण उर्फ सुक्की पुत्र राजेश कुमार, निवासी ग्राम हिरनोटी, थाना ककोड़, बुलंदशहर, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सचिन भाटी के कब्जे से एक अवैध चाकू, दक्ष सोलंकी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस तथा लक्ष्मण के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
इस संबंध में थाना इकोटेक-3 में मु0अ0सं0 339/2026, धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और बरामद हथियारों के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी, बिक्री और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चेकिंग और लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।।
