लखनऊ :
नगराम क्षेत्र मे दबंगों का कहर रास्ते में रोककर युवती को बेल्ट-हेलमेट से की पीटाई।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र में युवतियों के साथ मारपीट के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में सरकारी नल पर पानी भरने गई युवती से पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई। बचाने पहुंचे पिता और भाई को भी पीटने का आरोप है। वहीं दूसरे मामले में शादी से इंकार करने पर युवती को रास्ते में रोककर लात-घूंसों, बेल्ट और हेलमेट से पीटने का आरोप लगा है। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
सरकारी नल पर पानी भरने गई युवती को पीटा।
नगराम के पतौना मजरा पालखेड़ा निवासी गीता के मुताबिक मंगलवार रात करीब नौ बजे वह गांव स्थित सरकारी नल पर पानी भरने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के अमर सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी।
युवती की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता और भाई मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर ने दोनों के साथ भी मारपीट कर दी। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से चला गया।
पीड़िता की तहरीर पर नगराम पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शादी से इंकार पर शोहदे ने युवती को रास्ते में रोककर पीटा।
दूसरा मामला भी नगराम थाना क्षेत्र का है। एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हरदोईया बाजार में सैलून चलाने वाला धर्मेंद्र उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती द्वारा शादी से इंकार करने और बातचीत का विरोध करने पर आरोपी उससे नाराज था।
पीड़िता के अनुसार मंगलवार शाम काम खत्म कर घर लौटते समय धर्मेंद्र ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि मौके पर उसका भाई सत्येंद्र, पिता, भाभी राजकुमारी और रिश्तेदार राज शर्मा भी मौजूद थे। युवती के शादी से साफ इंकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि युवती को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों के साथ बेल्ट और हेलमेट से पीटा गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची मां ने किसी तरह बेटी को आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता की तहरीर पर नगराम पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
