लखनऊ :
पारा क्षेत्र में पिकअप से पीछे से भिड़ा ई-रिक्शा, चालक समेत चार सवारियां घायल।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर ई-लाइट होटल के पास पिकअप वाहन और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 12 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 1 बजे पीआरवी-9046 को ई-लाइट होटल के पास पिकअप और ई-रिक्शा के बीच दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर पालीगान-61 और द्वितीय मोबाइल टीम मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि चलते हुए पिकअप वाहन में पीछे से ई-रिक्शा संख्या UP32RT2373 के चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक तहजीब पुत्र हैदर अली निवासी नटकौरा, थाना काकोरी, लखनऊ समेत तीन यात्री घायल हो गए।
घायलों में धर्मपाल (26) पुत्र गुरुदयाल निवासी मऊ सण्डीला, हरदोई, रानी (40) पत्नी रमेश निवासी गोपार बघौली, हरदोई तथा करीब 22 वर्षीय एक अज्ञात युवती शामिल हैं। ई-रिक्शा चालक तहजीब को मोहान सेवा अस्पताल, जबकि अन्य घायलों को एंबुलेंस की मदद से लोकबंधु अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है। ई-रिक्शा को सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
