लखनऊ :
बारिश के मौसम में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला झुलसी और मजदूर की मौत।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली सरोजनीनगर और मोहनलालगंज क्षेत्र में बारिश के मौसम में रविवार सुबह बिजली के हाईटेंशन तारों ने दो परिवारों पर कहर बरपाया। सरोजनीनगर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि मोहनलालगंज के ज्योतिनगर में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 22 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई।
दोनों घटनाओं ने बिजली के खुले,नजदीक से गुजर रहे तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है, तो दूसरी ओर एक परिवार ने अपने जवान बेटे को खो दिया।
विस्तार :
छत पर कपड़े सुखाते समय हुआ हादसा।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सरोजनी नगर क्षेत्र जयराजपुरी कॉलोनी में संदीप रावत अपनी पत्नी मीरा और छोटे भाई प्रदीप के साथ रहते हैं। रविवार सुबह करीब नौ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़े सुखाने छत पर गई 35 वर्षीय मीरा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट लगने के बाद वह करीब पांच मिनट तक तार से चिपकी रही। उसके कपड़े जल गए और शरीर से धुआं निकलता रहा। महिला दर्द से तड़पती रही। मीरा कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने दूसरी मंजिल की छत पर गई थी। कपड़े डालते समय उसका दुपट्टा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से वह बाउंड्री के बाहर छज्जे पर जा गिरी और इसी दौरान उसका पैर भी बिजली के तार से छू गया।
मीरा को तार से चिपका देख आस-पास के लोगों ने शोर मचाते हुए बिजली विभाग को सूचना दी। पावर हाउस से बिजली सप्लाई बंद कराए जाने के बाद महिला को तार से अलग किया गया। गंभीर हालत में उसे सरोजनीनगर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
●निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की करंट से मौत।
कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र ज्योतिनगर में रविवार सुबह निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा 22 वर्षीय मजदूर बिजली के तारों की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी उसे तत्काल सीएचसी मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक ज्योतिनगर निवासी मोहम्मद अरमान सुबह मजदूर चौराहे से दिहाड़ी पर मनोज को अपने निर्माणाधीन मकान पर काम के लिए लेकर गए थे। काम के दौरान मनोज बिजली के तारों की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
सूचना पर मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रानीखेड़ा, मजरा बैरीसालपुर निवासी मनोज के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है।
