सोमवार, 17 अगस्त 2026

लखनऊ : IGNOU में जुलाई सत्र के प्रवेश और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी।||Lucknow: The last date for admission and re-registration for the July session at IGNOU has been extended till August 31.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
IGNOU में जुलाई सत्र के प्रवेश और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी।
दो टूक : IGNOU का यह अवसर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो नौकरी, व्यवसाय या अन्य व्यस्तताओं के साथ अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले प्रवेश या पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
विस्तार :
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU)  क्षेत्र कार्यालय लखनऊ ने जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई 2026 सत्र में नवीन प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो अभी तक प्रवेश या पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में विद्यार्थी 335 से अधिक ओडीएल (दूरस्थ शिक्षा) एवं लगभग 45 ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीएसडब्ल्यू, बीटीएस, बीसीए और बीएससी सहित चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम उपलब्ध हैं। इनमें दर्शनशास्त्र, लोक प्रशासन, पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया, शिक्षाशास्त्र, संस्कृत, खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्रबंधन तथा पर्यटन प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं।
स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए सामान्यतः इंटरमीडिएट या समकक्ष योग्यता निर्धारित है। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, इतिहास, उर्दू, वाणिज्य, ज्योतिष, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, गृहविज्ञान, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं पर्यावरण अध्ययन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश का अवसर है।
इसके अलावा विद्यार्थी वैदिक गणित, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण अध्ययन, ग्रामीण विकास, मधुमक्खी पालन, खाद्य एवं पोषण तथा सूचना प्रौद्योगिकी जैसे प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों के माध्यम से अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ा सकते हैं।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनामिका सिन्हा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी IGNOU की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश शुल्क डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से जमा किया जा सकता है। विद्यार्थी वेबसाइट से विश्वविद्यालय की सामान्य विवरणिका डाउनलोड कर पाठ्यक्रमों एवं प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि IGNOU में अध्ययनरत स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी भी अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए 31 अगस्त 2026 तक पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. प्रभात शुक्ल ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा और अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। अब विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र सहित अन्य अधिसूचित कार्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए न्यूनतम अंकों की कोई बाध्यता नहीं है।
दो टूक: IGNOU का यह अवसर उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो नौकरी, व्यवसाय या अन्य व्यस्तताओं के साथ अपनी उच्च शिक्षा जारी रखना चाहते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले प्रवेश या पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।