सोमवार, 17 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: बादलपुर पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का किया खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बादलपुर पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का किया खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

1.28 लाख रुपये नकद, 40.740 ग्राम पीली धातु की दो गिट्टियां और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद; दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं से संबंधित 1,28,500 रुपये नकद, पीली धातु की दो गिट्टियां, जिनका कुल वजन करीब 40.740 ग्राम है, तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को ग्राम सादोपुर की झाल स्थित पशुचारा की दुकान से गल्ले में रखे रुपये चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले में थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने सोमवार, 17 अगस्त 2026 को महामाया एन्क्लेव के पास से दो आरोपियों गुलफाम पुत्र सलीम और फरमान पुत्र शेर मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलफाम के कब्जे से 66,000 रुपये नकद, 20.740 ग्राम वजन की पीली धातु की एक गिट्टी और मोटरसाइकिल संख्या DL5SDR8940 बरामद हुई। वहीं आरोपी फरमान के कब्जे से 62,500 रुपये नकद और 20 ग्राम वजन की पीली धातु की एक गिट्टी बरामद की गई।

पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब एक माह पूर्व सादोपुर झाल स्थित पशुचारा की दुकान से रुपये चोरी किए थे। इसके अलावा सहारा सिटी क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर वहां से पीली धातु के आभूषण और नकदी चोरी करने की बात भी सामने आई है।

आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी में मिले आभूषणों में से बचे हुए आभूषण को गलवाकर पीली धातु की गिट्टियां बनवाई गई थीं। इसके अलावा दोनों ने एयरफोर्स स्टेशन के सामने एक वाहन का शीशा तोड़कर उसमें रखा बैग चोरी करने की वारदात को भी अंजाम दिया था।

बादलपुर थाना क्षेत्र में आरोपियों के खिलाफ चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस फरार चल रहे इनके अन्य साथी की तलाश के साथ ही अन्य चोरी की घटनाओं और बरामदगी के संबंध में पूछताछ व जांच कर रही है।

कई आपराधिक मामलों में दर्ज है आरोपियों का नाम

गिरफ्तार आरोपी गुलफाम, निवासी अलीगढ़ और वर्तमान में लोनी, गाजियाबाद क्षेत्र में रह रहा था, जबकि दूसरा आरोपी फरमान, निवासी आगरा और वर्तमान में दिल्ली के भजनपुरा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार दोनों की उम्र करीब 26 और 21 वर्ष है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गुलफाम के खिलाफ मथुरा जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामलों सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरमान के खिलाफ भी मथुरा जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, हथियार अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

थाना बादलपुर पुलिस अब आरोपियों के फरार साथी की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।