लखनऊ :
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने छीनी 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय की जिन्दगी,घर मे मचा कोहराम।।
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; दस्तावेजों से हुई शिनाख्त।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र वृन्दावन योजना मे सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महज 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय की जान चली गई। कालिंदी नहर चौराहे से सेक्टर-12 चौराहे की ओर जा रहे युवक को नहर पुलिया चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
विस्तार :
पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय थाना पीजीआई क्षेत्र वृन्दावन योजना कालिंदी नहर चौराहे की तरफ से सेक्टर-12 चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-12 चौराहे से पूर्व नहर पुलिया चौराहे के पास सोमवार 10 अगस्त की रात करीब 10:50 बजे डिलीवरी बॉय की अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल नजदीकी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान नितिन चौरसिया (21) पुत्र सरवन, निवासी मेरख नगर, थाना निगोहां, लखनऊ के रुप में हुई। जो पीजीआई क्षेत्र में किराए पर रहकर डिलेवरी मैन का काम करता था।
,इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थाना पीजीआई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए वाहन और उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
