गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-51 में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका की संदिग्ध मौत, कोठी की टॉप फ्लोर पर फंदे से लटका मिला शव; परिजनों का हंगामा!!
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए लगाया आरोप, बोले- एक युवक करता था नाबालिग को परेशान; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-51 में एक कोठी के अंदर 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव पंखे से लटका मिलने के बाद हड़कंप मच गया। नाबालिग का शव कोठी की टॉप फ्लोर पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और कोठी के बाहर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने नाबालिग की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि एक युवक मृतका को परेशान करता था।
मामला थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 स्थित E-57 का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाए।
मां और बहन भी इसी मकान में करती हैं काम
बताया जा रहा है कि मृतका मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले की रहने वाली थी। वह अपनी मां और बहन के साथ नोएडा में रहकर घरेलू काम करती थी। मृतका की मां और बहन भी उसी मकान में काम करती हैं।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर करीब 1:30 बजे मृतका की मां अपना काम पूरा करके घर चली गई थीं। इसके बाद शाम करीब 4 बजे मृतका की बहन को मकान मालिक ने बताया कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है। जानकारी मिलने के बाद बहन घर पहुंची और उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। नाबालिग की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कोठी के बाहर हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की जताई आशंका
मृतका के परिजनों का आरोप है कि एक युवक नाबालिग को परेशान करता था। इसी आधार पर परिवार ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटकाया गया हो सकता है। हालांकि, हत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
पुलिस के मुताबिक, एक मकान में काम करने वाली लड़की द्वारा पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर थाना सेक्टर-49 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।
