लखनऊ :
PGI क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार,एक की मौत,4 घायल।।
दो टूक : लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम चौकी के पास ओमेक्स कट के आगे शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार टाटा टिगोर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि चार गम्भीर रुप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवक को स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकलवाया। सभी घायलों को तत्काल पीजीआई स्थित एपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है।पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई मे जुटी हुई है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग एक बजे पीजीआई थाना क्षेत्र के ओमेक्स कट के पास रायबरेली की तरफ से लखनऊ आ रही एक तेज रफ़्तार टाटा टिगोर कार पीजीआई क्षेत्र में ओमेक्स कट के आगे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई,और पलटकर दूसरी लेन जा गिरी,इस दौरान हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीजीआई पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक युवक की पहचान रायबरेली निवासी 26 वर्षीय उत्कर्ष पांडेय की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अनुराग शुक्ला (21), अर्पित त्रिपाठी (24), नीर शुक्ला (24) और सूरज त्रिपाठी (19) शामिल हैं। सभी रायबरेली जनपद के निवासी हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग टूटकर मुड़ गई और उसके टुकड़े सड़क किनारे बिखर गए। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को भी सूचना दी गई थी। हालांकि, दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे युवक को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार अनियंत्रित होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
