शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गोण्डा- इटियाथोक क्षेत्र के पंडित पुरवा में 51 हजार रु में अरुन कुमार राजपूत ने खोली माता के आंखों की पट्टी, श्रद्धालुओं में दिखा भारी उत्साह

शेयर करें:
गोंडा- नवरात्रि के पावन पर्व पर जिले के इटियाथोक विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरकांड के पंडित पुरवा में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां नवदुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा की आंखों पर बंधी पट्टी खोलने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ दिखी। इस दौरान अरुण कुमार राजपूत को 51 हजार रु से माता रानी के आंखों की पट्टी खोलने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस धार्मिक आयोजन की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार पंडित पुरवा में ग्रामीणों के सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्रि की पंचमी तिथि पर माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माता रानी के दर्शन और इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।
यहां माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने के लिए रकम की शुरुआत 11 हजार रुपये से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता गया। करीब 35 लोगों ने इस धार्मिक आयोजन में रकम बोलकर अपनी सहभागिता निभाई। देखते ही देखते राशि बढ़ती गई और अंततः अरुण कुमार राजपूत ने 51 हजार रु से माता रानी की आंखों की पट्टी खोली।
श्रद्धालुओं ने इसे मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का प्रतीक बताया। ग्रामीणों के अनुसार, धार्मिक आयोजन में इस तरह बढ़-चढ़कर भागीदारी करना समाज में आपसी सहयोग, एकता और धार्मिक सद्भाव को मजबूत करता है।

वर्ष 2024 में ग्रामीणों ने की थी पूजा कार्यक्रम की शुरुआत,,,
ग्रामीणों ने बताया कि पंडित पुरवा में नवदुर्गा पूजा कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2024 में ग्रामीणों के सहयोग से की गई थी। इसके बाद से हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन को लेकर गांव के लोगों में विशेष उत्साह रहता है। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम लगातार आगे बढ़ रहा है।
माता दुर्गा की प्रतिमा मास्टर अमिताभ बच्चन के घर पर स्थापित की गई है, जहां श्रद्धालु प्रतिदिन पूजा-अर्चना और आरती में शामिल होते हैं। रात में आरती- पूजन के बाद जागरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाता है, जिसमें भक्त माता रानी के भजनों के माध्यम से अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं।

दशहरा पर होगा भंडारा, श्रद्धालुओं में उत्साह,,
नवदुर्गा पूजा समिति से जुड़े ग्रामीणों ने बताया कि दशहरा के दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन समिति और ग्रामीण इसकी तैयारियों में जुटे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि मां दुर्गा की कृपा बनी रही तो आने वाले वर्षों में इस धार्मिक कार्यक्रम को और भव्य रूप दिया जाएगा। उनका उद्देश्य गांव में धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को एक मंच पर लाना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है।

इन लोगों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका,,
नवदुर्गा पूजा समिति के इस आयोजन में मास्टर अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर, राधे प्रधान, अरुण कुमार राजपूत, चिंताराम मौर्य, मोहित मौर्य, विनय मौर्य, राजकुमार मौर्य, रमेश मास्टर, संतोष कुमार, राजित राम, अजय कुमार, सवारे लाल, राकेश, बनारसी, गुरदयाल, पंडित रामनारायण, संदीप पांडेय, देवेंद्र पांडेय, संजय पांडेय, बड़ेलाल प्रधान, करण तिवारी, अवधेश तिवारी बजरंगी,सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग किया।
ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।।
(गोण्डा से प्रदीप पांडेय की खास रिपोर्ट)