गोण्डा- थाना क्षेत्र इटियाथोक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सदर अभिषेक दवाच्य ने बताया कि 20 अक्टूबर को थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक पक्ष अपनी मूर्ति को साइड से आगे ले जा रहा था, इसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की गई। मौके पर ड्यूटी में लगे कांस्टेबल और पुलिस फोर्स ने दोनों पक्षों को छुड़ाया। उन्होंने बताया कि पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया गया है, मारपीट में लगी चोटें सामान्य हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी ओर पीड़ित अखिलेश राजभर पुत्र मुन्नालाल निवासी परासखाल पुरे मुसद्दी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शाम करीब 4:30 बजे रास्ते में साइड को लेकर मध्यनगर निवासी रणवीर सिंह, आशीष सिंह, शिवम सिंह, रतन सिंह, ओम सिंह व अजय सिंह ने गाली- गलौज करते हुए लाठी- डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। तहरीर के अनुसार बीच- बचाव करने आए गोमती, शोभाराम, रंजीत व अशोक भी चोटिल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
