गौतमबुद्धनगर: नोएडा स्टेडियम की रामलीला में गूंजा जय श्रीराम, रावण वध और तीनों पुतलों के दहन के साथ दिया अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश!!
दो टूक//नोएडा, 20 अक्टूबर 2026।** नोएडा स्टेडियम में आयोजित भव्य रामलीला में मंगलवार को नारांतक वध, अहिरावण वध और रावण वध की लीलाओं का प्रभावशाली मंचन किया गया। भगवान श्रीराम की विजय के इन प्रसंगों को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। इसके बाद कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। पूरा स्टेडियम ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।
श्री सनातन धर्म रामलीला समिति के तत्वावधान में हरि भक्ति कला ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंचन प्रसिद्ध निर्देशक पंकज शर्मा के निर्देशन में किया गया। रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से धर्म, मर्यादा, भक्ति और सत्य की शक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मंच पर कलाकारों के सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
कलाकारों ने जीवंत किए रामायण के प्रसंग
राम की भूमिका में अभिषेक शर्मा, लक्ष्मण की भूमिका में मोहित यादव, हनुमान जी की भूमिका में ऋषभ शर्मा और रावण की भूमिका में अमित शर्मा ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। वहीं नारांतक की भूमिका सनी, विभीषण की भूमिका अतुल और सुग्रीव की भूमिका नितिन ने निभाई।
सभी कलाकारों ने अपने पात्रों को पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रभावशाली भाव-भंगिमाओं के साथ जीवंत किया। उनके अभिनय और संवादों ने रामायण के प्रसंगों को मंच पर साकार कर दिया। दर्शकों ने तालियों और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। रामलीला के माध्यम से सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश भी दिया गया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, वाई.पी. सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता तथा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त नवीन सोनी, प्रवीण बंसल, जी.एन. चौरसिया, संजय बाली, सुशील भारद्वाज, अल्पेश गर्ग, मित्रा शर्मा, अनिल गुप्ता, मुकेश शर्मा, डॉ. एस.पी. जैन, रमेश कुमार, जितेंद्र, चंद्रपाल सिंह, प्रमोद रंगा, प्रवीण सिंगरिया, विनय शर्मा, मुकेश गुप्ता, एस.के. राणा, नरेश बंसल, मनोज गुप्ता, पंकज जिंदल, रोहित श्रीवास्तव, मनीष अग्रवाल, निखिल गुप्ता, रामकुमार शर्मा, ललित गुप्ता, सौरव गोविल, सौरव राणा, हरीश वर्मा, विशाल कश्यप, पवन सिंह, राहुल बाली, लक्ष्मी नारायण, श्रेयस चतुर्वेदी, अमित अग्रवाल, राजीव अजमानी, अमित पोरवाल और असित मित्तल सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर रामलीला का आनंद लिया।
असत्य पर सत्य की विजय का दिया संदेश
रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ विजयादशमी का उत्सव उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आतिशबाजी के आकर्षक नजारे और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में सत्य, सदाचार, मर्यादा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही नगरवासियों से आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सपरिवार भाग लेने और सनातन संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने की अपील की।
आयोजकों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। विजयादशमी का पर्व हमें याद दिलाता है कि अहंकार, अन्याय और अधर्म चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।।
