रविवार, 18 अक्टूबर 2026

लखनऊ : बीबीडी से लापता NEET छात्र का इंदिरा नहर में मिला शव,घर में मचा कोहराम।।||Lucknow: The body of a NEET student missing from BBD was found in the Indira Canal, causing chaos at his home.||

शेयर करें:
लखनऊ :  
बीबीडी से लापता NEET छात्र का इंदिरा नहर में मिला शव,घर में मचा कोहराम।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र से लापता 20 वर्षीय युवक का शव रविवार को नगराम क्षेत्र के अचलीखेड़ा बैराज स्थित इंदिरा नहर से बरामद हुआ। मृतक की पहचान अनुराग यादव के रूप में हुई है। वह प्रतियोगी परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक मृतक अनुराग यादव के पिता मुन्नू सिंह यादव निवासी हरिओम सिटी, आनंदी वाटर पार्क के पास, थाना बीबीडी ने 16 अक्टूबर को बेटे के लापता होने की सूचना स्थानीय थाने में दी थी। परिजनों के अनुसार, अनुराग 15 अक्टूबर की शाम करीब 5:45 बजे घर से टहलने निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बीबीडी थाने में गुमशुदगी संख्या 68/2026 दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
रविवार 18 अक्टूबर को नगराम पुलिस को अचलीखेड़ा बैराज स्थित इंदिरा नहर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त लापता अनुराग यादव के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि अनुराग पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।