रविवार, 18 अक्टूबर 2026

लखनऊ : लेन देन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की थी हत्या,दो गिरफ्तार।।||Lucknow: A property dealer was murdered over a financial transaction dispute; two arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
लेन देन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की थी हत्या,दो गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो हत्या आरोपियों गिरफ्तार किया। मात्र 50 हजार के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में प्रापर्टी डीलर की ईंट, कंक्रीट के पत्थरों और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरियों में भरकर कार की डिग्गी में रखा गया और अचरामऊ गांव के बाहर कच्चे रास्ते पर फेंक दिया गया था। एक 14 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल कार को हटाने के लिए देने का आरोपी सूरज रावत फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
विस्तार :
 DCP उत्तरी अमित कुमार आनंद ने बताया कि बीकेटी थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर की रात अचरामऊ गांव के बाहर कच्चे चकमार्ग पर बोरे में बंद अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पहचान इंदिरानगर क्षेत्र के मोहम्मदपुर, मजरा रसूलपुर सादात निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई थी। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। मृतक की पत्नी मंजू देवी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
●विवाद के बाद बेरहमी हुई थी हत्या।
पुलिस के मुताबिक पुलिस टीम छानबीन के दौरान दो हत्यारोपियों समेत एक नाबालिग को धरदबोचा। पूछताछ ज्ञात हुआ कि
मुख्य आरोपी अमन धीमान को मृतक अरविंद कुमार को 50 हजार देने थे। 12 अक्टूबर को अरविंद ने उसे कोयली पुरवा शराब ठेके के पास बुलाया था। शराब खरीदने के बाद अमन, अरविंद और एक बाल अपचारी मानस ग्रीन योजना स्थित एक प्लॉट के कार्यालय के पीछे पहुंचे, जहां शराब पीने के दौरान बकाया रकम को लेकर विवाद हो गया। अमन ने 10 हजार देने और शेष रकम बाद में चुकाने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अमन ने अरविंद के सिर पर ईंट फेंककर मारी और फिर कंक्रीट के पत्थरों से कई वार किए। उसके जीवित होने की आशंका में हथौड़े से भी सिर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कार की डिग्गी में रखकर फेंका शव।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद अमन ने बाल अपचारी की मदद से शव को बोरियों में रखा और ऑल्टो कार की डिग्गी में डालकर अचरामऊ गांव के बाहर कच्चे रास्ते पर फेंक दिया। आरोपी ने मृतक का मोबाइल अपने पास रखने, बाद में झाड़ियों में फेंकने और घटना में इस्तेमाल कार को धोकर साफ करने की बात भी पूछताछ में बताई। इसके बाद कार को अपने दोस्त सूरज रावत को सौंप दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस के मुताबिक, सूरज तभी से फरार है।
साक्ष्य मिटाने के लिए दोबारा पहुंचे थे आरोपी।
बीकेटी पुलिस और डीसीपी उत्तरी की स्वाट/सर्विलांस टीम ने सीडीआर, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे किसान पथ से गोहना कला की ओर जाने वाले मार्ग पर जंगल की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से अमन धीमान और रवि कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया। एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी घटनास्थल पर साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोबारा पहुंचे थे।
पत्थर, ईंट और हथौड़े के हिस्से बरामद।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 नकद बरामद किए। अमन की निशानदेही पर दो बड़े कंक्रीट के पत्थर, ईंट का टुकड़ा, लोहे के हथौड़े का फाल और लकड़ी का बेंट बरामद होने की बात कही गई है। बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। मामले में साक्ष्य मिटाने और अन्य संबंधित तथ्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास।
पुलिस के अनुसार अमन धीमान के खिलाफ इंदिरानगर थाने में वर्ष 2018 में गैर इरादतन हत्या और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2023 में वजीरगंज थाने में मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस फरार आरोपी सूरज रावत की तलाश कर रही है।