शनिवार, 8 अगस्त 2026

लखनऊ : STF ने पचास हजार का इनामी शराब तस्कर हरियाणा से गिरफ्तार।।||Lucknow: STF arrested a liquor smuggler carrying a reward of fifty thousand rupees from Haryana.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
STF ने पचास हजार का इनामी शराब तस्कर हरियाणा से गिरफ्तार।।
दो टूक : यूप एसटीएफ ने प्रयागराज के थाना नवाबगंज में दर्ज शराब तस्करी के मुकदमे में फरार चल रहे इनामिया तस्कर को सोनीपत हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। यह लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
विस्तार : 
शराब तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के सक्रिय सदस्य और प्रयागराज से ₹50 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अजय जैन को एसटीएफ उत्तर प्रदेश की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ के मुताबिक अजय जैन के खिलाफ थाना नवाबगंज, कमिश्नरेट प्रयागराज में मु0अ0सं0 393/2023, धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि एवं 60(1), 63, 72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में उस पर ₹50 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था।
एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि अजय जैन सोनीपत में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने एनएच-44, चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, बड़ी गन्नौर, जिला सोनीपत से 7 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:15 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
ट्रकों में छिपाकर भेजते थे अवैध शराब
पूछताछ में अभियुक्त ने एसटीएफ को बताया कि उसका एक सक्रिय शराब तस्करी गिरोह है। वह अपने पार्टनर नवदीप सिंह उर्फ नवी ग्रेवाल उर्फ लकी सिंह और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर कई राज्यों में अवैध शराब की तस्करी करता था।
गिरोह चंडीगढ़ और पंजाब से अवैध शराब ट्रकों में लोड कर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में भेजता था। पुलिस से बचने के लिए शराब को ट्रकों में अंडे, मुर्गी का दाना, प्लास्टिक स्क्रैप, पास्ता और आलू जैसे सामान की आड़ में छिपाया जाता था।
सड़े अंडों की आड़ में पकड़ी गई थी शराब की खेप
एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2023 में अजय जैन अपने साथियों के साथ बड़ी मात्रा में अवैध शराब को ट्रक में सड़े अंडों के बीच छिपाकर उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार और झारखंड भेज रहा था। प्रयागराज में एसटीएफ ने ट्रक को पकड़ लिया था। मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जबकि अजय जैन फरार चल रहा था।
मुकदमे में अपने खिलाफ पुरस्कार घोषित होने की जानकारी के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
मोबाइल और नकदी बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एसटीएफ ने एक मोबाइल फोन और ₹2,060 नकद बरामद किए हैं। हरियाणा में आवश्यक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को संबंधित थाना नवाबगंज, प्रयागराज में दाखिल किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अजय जैन का आपराधिक इतिहास
मु0अ0सं0 26/2022 — धारा 61 पंजाब आबकारी अधिनियम-1914, थाना कोटभाई, जिला श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब।
मु0अ0सं0 393/2023 — धारा 419/420/467/468/471/120बी भादवि एवं 60(1)/63/72 आबकारी अधिनियम, थाना नवाबगंज, प्रयागराज।