लखनऊ :
इंजेक्शन लगने के बाद बच्चे की हुई मौत,आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा।
पुलिस जांच में सामने आई दूसरी वजह
दो टूक : राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में इंजेक्शन लगाए जाने के बाद दो वर्षीय बच्चे की मौत से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि मोहम्मद असगर मेहंदी (करीब 2 वर्ष 6 माह) पुत्र फुरकान, निवासी कजमैन, थाना सहादतगंज, पिछले कई दिनों से टाइफाइड से पीड़ित था और उसकी तबीयत खराब चल रही थी।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर परिजन बच्चे को उपचार के लिए डॉ. जैगम अब्बास के मकराना गली स्थित क्लीनिक लेकर पहुंचे। क्लीनिक पर उपचार के दौरान बच्चे की हालत खराब होने पर चिकित्सक ने उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया।
परिजन बच्चे को लेकर आगे उपचार के लिए गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर बच्चे की मौत को इंजेक्शन लगाए जाने से जोड़कर वीडियो प्रसारित किया गया था, जिसके बाद ठाकुरगंज पुलिस ने पूरे मामले की पड़ताल की।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल थाना ठाकुरगंज में परिजनों की ओर से कोई तहरीर या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले पर निगरानी बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
