लखनऊ :
राशन लेने गई बुजुर्ग दंपती से टप्पेबाजी,दवा के नाम पर उतरवाए मंगलसूत्र-अंगूठी,पुड़िया खोली तो निकले कंकड़।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित साउथ सिटी में राशन लेने जा रहे बुजुर्ग दंपती को टप्पेबाज ने झांसे में लेकर उनके जेवरात उतरवा लिए। घटना आरोपी ने पैर में दर्द की दवा देने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र और अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद जेवरात एक पुड़िया में रखकर महिला को थमा दी और घर पहुंचकर खोलने की बात कही। घर पहुंचने पर जब बुजुर्ग महिला ने पुड़िया खोली तो उसमें जेवरात की जगह कंकड़ मिले। पुड़िया में कंकड़ देखकर महिला और उसके परिजनों के होश उड़ गए। ठगी का एहसास होने के बाद परिजनों ने पीजीआई थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
दवा के बहाने बनाया निशाना।
थाना आशियाना क्षेत्र रजनीखंड निवासी अंकिता पाल ने थाना पीजीआई मे तहरीर देते हुए बताया कि बुजुर्ग माता-पिता 7 अगस्त 2026 की सुबह करीब 11 बजे साउथ सिटी कोटे की दुकान पर राशन लेने जा रहे थे। रास्ते में एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने पैर में दर्द की बात कहते हुए दवा देने का झांसा दिया।
आरोपी ने कथित तौर पर बुजुर्ग महिला से कहा कि दवा गले और हाथ में लगानी होती है जिसके लिए मंगलसूत्र और अंगूठी उतारनी पड़ेगी। उसकी बातों में आकर महिला (मां)ने अपने जेवर उतार दिए। टप्पेबाज ने जेवरात कागज की पुड़िया में रखने का नाटक किया और दंपती को पुड़िया थमाकर घर जाकर खोलने की बात कहकर वहां से निकल गया।
घर पहुंचकर खुला टप्पेबाजी का राज।
बुजुर्ग महिला ने घर पहुंचकर जब पुड़िया खोली तो उसमें मंगलसूत्र और अंगूठी की जगह कंकड़ पड़े थे। इसके बाद परिजनों को टप्पेबाजी की जानकारी हुई। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई और जेवरात बरामद कराने की मांग की है।
