रविवार, 9 अगस्त 2026

लखनऊ : पेंशन खाते से क्रेडिट कार्ड तक वार—साइबर ठगों ने किया लाखों पर प्रहार।।||Lucknow: From pension accounts to credit cards, cyber fraudsters attack lakhs.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
पेंशन खाते से क्रेडिट कार्ड तक वार—साइबर ठगों ने किया लाखों पर प्रहार।।
साइबर ठगों का कहर: सरोजनीनगर में पेंशन खाते से 95 हजार उड़ाए, PGI में पांच क्रेडिट कार्ड से 2.72 लाख की ठगी।
दो टूक  : राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सरोजनीनगर और PGI थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 3.67 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया। दोनों मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पेंशन खाते से Google Pay के जरिए निकाले 95 हजार
विस्तार:
जानकारी के अनुसार थाना सरोजनीनगर के गौरी बाजार निवासी सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई कि उनके SBI खाते में हर माह पेंशन आती है। आरोप है कि 25 जुलाई से 30 जुलाई 2026 के बीच मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाल ली गई।
पीड़ित के मुताबिक, Google Pay के जरिए तीन लेनदेन में कुल 95 हजार रुपये निकाले गए। इनमें 30 जुलाई को रतनेश कुमार के नाम से 35 हजार रुपये तथा 26 जुलाई को मनीश कुमार के नाम से 40 हजार और 20 हजार रुपये के लेनदेन शामिल हैं। पीड़ित ने साइबर सेल से रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पांच क्रेडिट कार्ड से 2.72 लाख की अवैध निकासी।
 PGI थाना क्षेत्र के बलदेव विहार तेलीबाग निवासी राहुल सिंह दोहरे ने शिकायत में बताया कि 6 अगस्त को एक मोबाइल नंबर से उनके पास कॉल आई थी। उनका दावा है कि उन्होंने कॉल करने वाले को OTP, CVV या क्रेडिट कार्ड की कोई जानकारी नहीं दी, इसके बावजूद दोपहर करीब 3:32 बजे से 4:09 बजे के बीच उनके पांच क्रेडिट कार्ड से कुल 20 संदिग्ध लेनदेन किए गए।
पीड़ित के अनुसार अलग-अलग बैंकों के पांच क्रेडिट कार्ड से कुल 2,72,287.81 रुपये की रकम निकाली गई। शिकायत में इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक, IDFC फर्स्ट बैंक और SBI के क्रेडिट कार्ड से हुई निकासी का विवरण पुलिस को दिया गया है। 
दोनों पीड़ितों ने मामलों में साइबर अपराध से शिकायत दर्ज करने बाद अपने स्थानीय थाने मे लिखित तहरीर देते हुए एफआईआर दर्ज कराया है।