लखनऊ :
PGI क्षेत्र होटल में गैंगरेप,होटल मालिक गिरफ्तार,बिना आईडी दिए जाते थे कमरे।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में बिना पहचान पत्र लिए कमरे उपलब्ध कराए जाते थे और संबंधित घटना में भी होटल संचालक व कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही तथा संलिप्तता पाई गई।
विस्तार :
मोहनलालगंज इस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि निगोहां क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को करीब 15 दिन पहले बहला-फुसलाकर पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल में लाया गया था। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर बुजुर्ग आरोपी द्वारिका ने अपने चार साथियों की मदद से तीन दिनों तक दुष्कर्म किया। मामले में पीड़िता की भाभी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी द्वारिका सहित पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस ने घटना के बाद होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज की गहन जांच की। जांच में पता चला कि होटल मालिक दीपक गुप्ता, निवासी केशव पार्क, सरस्वतीपुरम, थाना पीजीआई ने महिला राबिया के साथ आई किशोरी को बिना किसी पहचान पत्र की जांच किए कमरा उपलब्ध कराया। इतना ही नहीं, होटल के रजिस्टर में उनके ठहरने की कोई प्रविष्टि भी दर्ज नहीं की गई और आरोपी द्वारिका का भी कोई पहचान पत्र नहीं लिया गया।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान होटल मालिक और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध एवं घटना में सहयोगात्मक पाई गई। इसके बाद रविवार को होटल मालिक दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि होटल में आने वाले युवक-युवतियों को नियमित रूप से बिना पहचान पत्र लिए ही कमरे उपलब्ध कराए जाते थे। मामले में पुलिस होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
