रविवार, 26 जुलाई 2026

गोण्डा- 11 साल के बच्चे ने अपने पिता पर गंडासे से किया ताबड़तोड़ हमला, गंभीर घायल पिता का हो रहा इलाज, आरोपी बेटा फरार

शेयर करें:
गोंडा- देहात कोतवाली क्षेत्र में महज 11 साल के एक बच्चे ने क्रोधित होकर अपने ही पिता पर धारदार गंडासे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जबकि घटना के बाद से उसका बेटा फरार बताया जा रहा है।
पूरा मामला गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र के बेसिया चैन ग्राम पंचायत के भट्ठा गांव का है। रविवार को करीब 1 बजे 45 वर्षीय बिशनलाल अपने बड़े बेटे को मजदूरी के लिए बाहर भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनका 11 वर्षीय बेटा देवराज भी भाई के साथ बाहर जाने की जिद करने लगा। पिता द्वारा मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में हिंसक रूप ले लिया। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि गुस्से में देवराज घर के अंदर गया और वहां रखा गंडासा उठा लाया। इसके बाद उसने अपने पिता के सिर और चेहरे पर लगातार कई वार कर दिया। इस हमले में बिशनलाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद 11 वर्षीय देवराज मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वहीं दूसरी तरफ इस घटना को लेकर अलग- अलग कुछ अन्य बातें भी सामने आ रही हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।