गौतमबुद्धनगर//बरौला में विकास की बड़ी पहल: सत्यवीर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में मुख्य मार्ग से हटे अतिक्रमण, ग्रामीणों ने दिखाई मिसाल!!
दो टूक//नोएडा। ग्राम बरौला में शुक्रवार को विकास और जनसहभागिता की एक नई मिसाल देखने को मिली। पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह गुर्जर के सानिध्य में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों तथा ग्रामवासियों के सहयोग से गांव के मुख्य मार्ग पर वर्षों से बने अवैध रैंप, सीढ़ियां, होल्डिंग्स और अन्य अतिक्रमणों को हटाने के अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के दौरान जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे मुख्य मार्ग को चौड़ा, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रशासन का पूरा सहयोग किया। ग्रामवासियों ने कहा कि बरौला को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित गांव बनाना अब सभी की प्राथमिकता है। उनका मानना है कि अतिक्रमण मुक्त सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि गांव के समग्र विकास को भी नई गति देंगी।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं किसान नेता चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि गांव के विकास का रास्ता सामूहिक भागीदारी और जनसहयोग से ही मजबूत होता है। मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से बने रैंप, सीढ़ियां, होल्डिंग्स और कब्जों को हटाकर गांव के हित में एक जिम्मेदार पहल की गई है। उन्होंने कहा कि रास्ते चौड़े होने से यातायात सुचारु होगा, जलभराव की समस्या में कमी आएगी और बरौला की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान केवल शुरुआत है। गांव में सड़क, नाली, सफाई और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी लगातार प्रयास किए जाएंगे, जिसमें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह गुर्जर ने ग्रामवासियों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि बरौला नोएडा का एक महत्वपूर्ण और आदर्श गांव रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है जब जनता स्वयं आगे बढ़कर उसमें भागीदारी निभाए। ग्रामीणों का यह सहयोग आने वाले समय में बरौला को एक स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित गांव बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के विकास और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर वह हमेशा ग्रामवासियों के साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांव के युवा, बुजुर्ग और महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि गांव के विकास, स्वच्छता और बेहतर भविष्य के लिए उठाए जाने वाले हर सकारात्मक कदम में पूरे गांव का सहयोग रहेगा।
इस अवसर पर सुनील चौहान, राजकुमार मोनू, जगबीर चौहान, पंकज चौहान, बिट्टू चौहान, हरिओम जाटव, दुलीचंद चौहान, पप्पू कश्यप, देविंदर कश्यप, सोनू चौहान, अनुज, टीटू, टेकराम, विनोद कश्यप सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान ग्रामीणों का उत्साह और एकजुटता यह संदेश दे रही थी कि बरौला अब विकास, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत सुविधाओं की दिशा में एक नई शुरुआत कर चुका है।।
