उन्नाव :
गार्नेट पाउडर की आड़ में चल रहा था अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का खेल,6 गिरफ्तार,75 लाख माल वरामद।।
ओडिशा से उत्तराखंड तक फैले नेटवर्क का खुलासा, ट्रक और कार के जरिए की जा रही थी सप्लाई।
दो टूक : उन्नाव जिले के थाना बारासगवर पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 1.51 क्विंटल अवैध गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक और एक स्विफ्ट डिजायर कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा सिंडिकेट पर बड़ी चोट करते हुए गिरोह की कमर तोड़ दी है।
विस्तार :
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई को धानीखेड़ा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक और उसके साथ चल रही कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही महेशखेड़ा चौराहे पर बैरियर लगाकर दोनों वाहनों को रोका गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में लदे गार्नेट पाउडर की बोरियों के बीच छिपाई गई चार बोरियों तथा कार में रखी एक बोरी से कुल 151 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ट्रक को ओडिशा से वेल्डिंग मटेरियल लाने के लिए भेजा गया था। वहीं से गार्नेट पाउडर की आड़ में गांजा लोड कराया गया। यह खेप उन्नाव के रास्ते उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर पहुंचाई जानी थी, जहां इसे अशोक उर्फ जग्गा नामक व्यक्ति को सौंपा जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और 5,550 रुपये नकद भी बरामद किए। ट्रक और कार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
इस मामले में थाना बारासगवर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार कई आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर गिरोह के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान 1.राहुल सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह उम्र करीब 34 वर्ष निवासी ग्राम जगतपुर भिचकौरा, पूरे चौहानन, बेहटा कला थाना लालगंज जनपद रायबरेली, 2.विशाल दास पुत्र रविदास उम्र करीब 29 वर्ष निवासी म0नं0 85 रविन्द्रनगर थाना ट्रांजिट कैम्प उधम सिंह नगर उत्तराखंण्ड
3.अभिषेक यादव पुत्र हरि किशोर यादव उम्र करीब 26 वर्ष मूल नि0 घनश्यामखेड़ा थाना अचलगंज जनपद उन्नाव हाल पता 739 इन्द्रानगर थाना कोतवाली सदर जनपद उन्नाव, 4.राम सिंह पुत्र श्याम लाल उम्र करीब 25 वर्ष निवासी ग्राम भजनखेड़ा थाना सोहरामऊ जनपद उन्नाव,
5.अरविन्द यादव पुत्र सूघर लाल उम्र करीब 37 वर्ष निवासी ग्राम घनश्यामखेड़ा थाना अचलगंज जनपद उन्नाव, 6.विशाल पुत्र सुरेश कुमार उम्र करीब 22 वर्ष निवासी ग्राम मनिकापुर थाना बिहार जनपद उन्नाव ।
तस्करों के पास वरामद माल-
1.एक कुन्तल 51 किलो ग्राम अवैध गांजा,
2.एक अदद ट्रक संख्या UP 90 T 6281,
3.एक डिजायर कार
4.कुल 06 अदद मोबाइल फोन व 5550/- रूपये नगद
इस कार्रवाई को थाना बारासगवर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया, जिसे उन्नाव पुलिस की मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
