शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

लखनऊ : मानदेय में देरी पर पिघले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- सत्र के बाद होगी बड़ी बैठक,सीधे खाते में भुगतान पर होगा विचार।।||Lucknow: Deputy Chief Minister Brajesh Pathak expressed his displeasure over the delay in honorarium payments and said, "A major meeting will be held after the session and the issue of direct payment into the account will be considered."||

शेयर करें:
लखनऊ  : 
मानदेय में देरी पर पिघले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, बोले- सत्र के बाद होगी बड़ी बैठक,सीधे खाते में भुगतान पर होगा विचार।।
दो टूक : लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी सामुदायिक शौचालयों में कार्यरत केयरटेकरों के मानदेय भुगतान में हो रही देरी को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गंभीर चिंता जताई। शुक्रवार को रवीन्द्रालय में आयोजित जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासम्मेलन में उन्होंने आश्वासन दिया कि 3 अगस्त से शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक बुलाकर इस समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा।
विस्तार:
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केयरटेकरों को मिलने वाला 6 हजार रुपये का मानदेय पहले से ही बेहद कम है, ऐसे में उसके भुगतान में देरी होना अमानवीय है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रयास करेगी कि मानदेय की राशि बढ़ाई जाए और भुगतान सीधे केयरटेकरों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि बीच के स्तरों पर होने वाली देरी समाप्त हो सके।
राष्ट्रीय सफाई मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित इस महासम्मेलन का संयोजन विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने किया। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे केयरटेकरों, खासकर महिला कर्मियों ने मानदेय भुगतान में हो रही देरी और अन्य समस्याओं को मंच से उठाया।
डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद कई स्तरों की प्रक्रिया के कारण समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि केयरटेकरों का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाए।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने संगठन का मांगपत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार केयरटेकरों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। साथ ही महिला सफाई कर्मियों से अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों, को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की।
भाजपा के मंत्री डॉ. राहुल वाल्मीकि ने भी केयरटेकरों की समस्याओं को पार्टी नेतृत्व के सामने रखने और भविष्य के संकल्प पत्र में उनके मुद्दों को शामिल कराने का आश्वासन दिया।
भावुक कर गया यह दृश्य।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंच से उतरकर महिला केयरटेकरों के बीच पहुंचे और रवीन्द्रालय के फर्श पर उनके साथ बैठकर तस्वीरें खिंचवाईं। इस आत्मीय व्यवहार से कई महिलाएं भावुक हो गईं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। महासम्मेलन में प्रदेश के कई जिलों से आई महिला केयरटेकरों ने अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं।