शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

मऊ :जीआरपी थाने का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण,परखी ब्यवस्था।|Mau:The SSP conducted the annual inspection of the GRP station and examined the arrangements.||

शेयर करें:
मऊ :
जीआरपी थाने का एसएसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण,परखी ब्यवस्था।
बॉडी वॉर्न कैमरे से होगी विवादों की रिकॉर्डिंग।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ रेलवे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शुक्रवार को जीआरपी थाना मऊ का वार्षिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना तथा पुलिस बल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि रेलवे स्टेशन अथवा ट्रेनों में होने वाले किसी भी वाद-विवाद या विवादित घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग अब बॉडी वॉर्न कैमरे के माध्यम से की जाएगी, जिससे घटनाओं का पारदर्शी एवं सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर जिले से एक वर्ष के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अस्थायी रूप से जीआरपी थाना मऊ से संबद्ध किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने निर्देश दिया कि सप्ताह में कम से कम दो दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पुलिसकर्मी सादे वेश में ट्रेनों में यात्रा कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखें तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने जीआरपी थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ के समय स्वयं स्टेशन पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें, ताकि कांवड़ियों सहित सभी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जीआरपी पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है