मंगलवार, 4 अगस्त 2026

मऊ : प्रेम,धोखा और मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने खुलासा करते हुए,महिला समेत दो गिरफ्तार,मुख्य आरोपी फरार।।||Mau: Police have solved the mystery of love, betrayal, and murder. Two people, including a woman, have been arrested. The main accused remains absconding.||

शेयर करें:
मऊ  : 
प्रेम,धोखा और मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने खुलासा करते हुए,महिला समेत दो गिरफ्तार,मुख्य आरोपी फरार।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद खूनी साजिश में बदल गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
विस्तार : 
मऊ जनपद के थाना सरायलखंसी क्षेत्र स्थित ग्राम सुल्तानपुर के काशीराम आवास में हुए चर्चित युवक हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। प्रेम प्रसंग, अवैध संबंध और रंजिश की उलझी कहानी में असगर अली की हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने मामले में एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में थाना सरायलखंसी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सूरज राजभर (22 वर्ष) और शहजादी उर्फ घुघनी (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया। सूरज की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्कूटी (UP 54 AA 6942) भी बरामद कर ली गई।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में शहजादी ने बताया कि पति से अलग रहने के दौरान उसके असगर अली से प्रेम संबंध हो गए थे। कुछ समय बाद उसकी नजदीकियां आकाश राव से बढ़ गईं। इस बात को लेकर असगर और शहजादी के बीच लगातार विवाद होने लगा। दोनों ने मिलकर असगर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की सुबह आकाश राव अपने साथी सूरज राजभर के साथ सुल्तानपुर स्थित किराये के मकान पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद शहजादी ने योजना के अनुसार असगर को काबू कराया। सूरज ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए, शहजादी ने सिर दबोच लिया और इसी दौरान आकाश ने असगर के सीने में धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले ही दर्ज हो चुका था मुकदमा
घटना के बाद पुलिस ने शहजादी, आकाश राव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर सूरज राजभर का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हत्या का मुख्य आरोपी आकाश राव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।।



दो टूक: प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद खूनी साजिश में बदल गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।