मंगलवार, 4 अगस्त 2026

मऊ : पेड़ से लटकता मिला ससुराल आए दामाद का शव, इलाके में सनसनी।।Mau: The body of a son-in-law who had come to his in-laws' house was found hanging from a tree, causing a sensation in the area.||

शेयर करें:
मऊ : 
पेड़ से लटकता मिला ससुराल आए दामाद का शव, इलाके में सनसनी।।
दो टूक : रात में नशे की हालत में पहुंचा था युवक ससुराल, सुबह ट्यूबवेल के पास पेड़ से लटका मिला शव; फोरेंसिक टीमे जांच में जुटी हुई है।
विस्तार
मऊ जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र के अजोरपुर मर्यादपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ससुराल आए एक दामाद का शव गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास बड़हल के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान बलिया जनपद के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरदिया जमीन निवासी वीरन राजभर (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार देर रात अपने ससुराल अजोरपुर मर्यादपुर पहुंचा था। परिजनों के अनुसार, वह अत्यधिक शराब के नशे में था, इसलिए उसे घर के बाहर ही आराम करने के लिए लिटा दिया गया।
मंगलवार सुबह गांव की महिलाएं जब अली उल्लाह के ट्यूबवेल की ओर गईं तो उन्होंने बड़हल के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे वीरन का शव लटकता देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि वीरन राजभर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उनका कहना है कि तीन-चार दिन पहले भी उसने शराब के नशे में अपने गांव के एक तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था।
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।