मंगलवार, 4 अगस्त 2026

मऊ :क्यूआर कोड से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार,लाखों के इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद।।||Mau:A fraudster using QR codes has been arrested; electronic goods worth lakhs of rupees have been recovered.||

शेयर करें:
मऊ :
क्यूआर कोड से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार,लाखों के इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना कोतवाली नगर पुलिस ने क्यूआर कोड और फर्जी भुगतान का झांसा देकर दुकानदारों से महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान ठगने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एयर कूलर समेत कुल 16 इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य सामान बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जनपद बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र स्थित हरिहरपुर मुंडेरा गांव से आरोपी धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी दुकानों पर पहुंचकर महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदता था और क्यूआर कोड स्कैन कर फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेकर फरार हो जाता था। जांच में पता चला कि वह मऊ, आजमगढ़ और गाजीपुर समेत कई जनपदों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी ऑनलाइन पोर्टल्स पर ऐसे दुकानदारों की तलाश करता था, जिनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होते थे। इसके बाद वह संपर्क कर सामान पसंद करता और फर्जी भुगतान दिखाकर सामान अपने कब्जे में ले लेता था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक वोल्टास कंपनी का फ्रिज, एक समरकूल कंपनी का एयर कूलर, विभिन्न कंपनियों के पंखे, आटा चक्की तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामानों में से कई वस्तुएं मऊ और मधुबन थानों में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामानों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है।