मंगलवार, 4 अगस्त 2026

लखनऊ : दुबई से लाए 30 लाख के गोल्ड पर डाला डाका,दो शातिर गिरफ्तार,सोना बरामद।।||Lucknow: Gold worth Rs 30 lakh brought from Dubai was robbed; two criminals were arrested and the gold was recovered.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
दुबई से लाए 30 लाख के गोल्ड पर डाला डाका,दो शातिर गिरफ्तार,सोना बरामद।।
दो टूक : दो टूक: दुबई से लौटने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर सोना तस्करी और चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का लखनऊ पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। 30 लाख रुपये का सोना बरामद होने के साथ इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के थाना सरोजनीनगर पुलिस और डीसीपी दक्षिणी की सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय सोना तस्करी एवं चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल (अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये) बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
●दुबई से लौटे युवक को बनाया निशाना।
DCP साउथ मो. मुश्ताक ने जानकारी देते हुए बताया कि बलिया निवासी महबूब आलम 27 जुलाई को दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही आरोपी उन्हें अपनी काले रंग की ब्रेजा कार में बैठाकर इधर-उधर घुमाते रहे। बाद में आलमबाग बस अड्डे के पास उन्हें धोखे से उतार दिया और ट्रॉली बैग, पासपोर्ट, कपड़े तथा उसमें रखा सोने का कैप्सूल चोरी कर फरार हो गए।
घटना की शिकायत 3 अगस्त को सरोजनीनगर थाने में दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल चार टीमें गठित कर जांच शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज।।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने 100 से 130 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान हुई और मंगलवार को दोनों को चोरी किए गए सोने के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
ऐसे चलता था तस्करी का खेल।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका गिरोह राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सक्रिय है। गिरोह दुबई और अन्य खाड़ी देशों में ऐसे भारतीयों को तलाशता था जो किसी कारणवश जल्द भारत लौटना चाहते थे। उन्हें मुफ्त शॉपिंग, नकदी और हवाई टिकट का लालच देकर अपने जाल में फंसाया जाता था।
इसके बाद सोने को बुरादे के रूप में तैयार कर कंडोम में पैक कर शरीर के रेक्टम के माध्यम से छिपाकर भारत भेजा जाता था। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही गिरोह के सदस्य तस्करी कर लाया गया सोना अपने कब्जे में ले लेते थे।
लालच में साथियों का ही सोना चुरा लिया।
गिरफ्तार शातिर आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस बार उन्हें गिरोह की ओर से एयरपोर्ट से सोना प्राप्त कर आगे पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन अधिक मुनाफे के लालच में उन्होंने अपने ही नेटवर्क को धोखा देते हुए महबूब आलम से सोना चोरी कर लिया।
30 लाख का सोना बरामद, अन्य आरोपी फरार।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल बरामद कर लिया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
●खुलासा करने वाली पुलिस टीम को मिला इनाम।
इस उल्लेखनीय सफलता पर डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।।