शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: पटेल जयंती पर दिल्ली में गूंजेगा गुर्जर स्वाभिमान का संदेश, नोएडा में महासभा की अहम बैठक!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पटेल जयंती पर दिल्ली में गूंजेगा गुर्जर स्वाभिमान का संदेश, नोएडा में महासभा की अहम बैठक!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

29 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज, अशोक भाटी के नेतृत्व में जिम्मेदारियां तय

दो टूक//नोएडा, 6 अगस्त 2026।
आगामी 29 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय कार्यालय नोएडा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने की, जबकि संचालन गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। बैठक में रैली की तैयारियों, प्रचार-प्रसार, आमंत्रण, मंच व्यवस्था, खान-पान, अतिथियों के स्वागत सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में बताया गया कि तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस विशाल कार्यक्रम की आवश्यक प्रशासनिक अनुमतियां प्राप्त कर ली गई हैं। गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

युवाओं और महिलाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में निर्णय लिया गया कि गुर्जर स्वाभिमान रैली केवल समाज की एकजुटता का संदेश देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि युवाओं की शिक्षा, रोजगार और उनके बेहतर भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही समाज की महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली यह रैली समाज में एकता, संगठन और सकारात्मक दिशा का संदेश देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। रैली में विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

अशोक भाटी की सक्रिय भूमिका की हुई सराहना

बैठक के दौरान गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि अशोक भाटी लगातार संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को मजबूत आधार देने में जुटे हैं। उनकी सक्रियता और मिलनसार कार्यशैली के चलते गौतमबुद्ध नगर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिली है। बैठक में भी उन्होंने सभी पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर रैली को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में अनंतराम तंवर, सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना, सुंदर चौधरी, रामकेश चपराना, संजय छोकर, प्रेम कृष्ण आर्य, प्रीतम सिंह भाटी, संतराम भाटी, अरुण भाटी, नरेंद्र गुर्जर, गोपाल गुर्जर, अशोक गुर्जर, भेरूलाल गुर्जर, कमलेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजस्थान के प्रतिनिधियों ने किया सम्मान

बैठक के समापन पर राजस्थान से आए प्रतिनिधियों ने अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी एवं गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान पदाधिकारियों में उत्साह देखने को मिला।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर 29 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया।!