लखनऊ :
महिला ने प्रापर्टी डीलर पर लगाया जबरन जमीन कब्जा कर प्लाटिंग करने का आरोप।
दो टूक : पीड़ित महिला ने पूरे मामले की प्रमुख सचिव राजस्व से शिकायत कर कार्यवाही मांग की है तहसील प्रशासन व राजस्वकर्मियो की मिली भगत से प्रापर्टी डीलर पर लगाया जमीन कब्जा करने का आरोप।
विस्तार :
लखनऊ के अलीगंज निवासी रीता देवी ने मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के रायभानखेड़ा गांव स्थित अपनी कृषि भूमि पर एक प्रापर्टी डीलर द्वारा जबरन कब्जा कर प्लाटिंग किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला रीता देवी का कहना है कि रायभानखेड़ा में स्थित गाटा संख्या 325 मि की भूमि तथा उससे सटी सरकारी बंजर भूमि पर विवाद लंबित होने के बावजूद एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा जबरन प्लॉटिंग कर प्लाटो की बिक्री की जा रही है।पीड़िता का आरोप है कि रसूखदार प्रॉपर्टी डीलर ने तहसील अधिकारियों और राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी भूमि पर बनी बाउंड्रीवाल 28फरवरी2026 को तुड़वा दी और उसी सामग्री से उक्त भूमि पर ही दूसरी नई बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी। इस दौरान पुलिस बल का भी इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। रीता देवी का आरोप है उन्होने पूरे मामले की उपजिलाधिकारी समेत जिला प्रशासन के अधिकारियो से शिकायत करते हुये वीडियो सहित कई साक्ष्य भी उपलब्ध कराए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
महिला ने आरोप लगाया कि राजस्व अभिलेखों में भी विरोधाभासी रिपोर्ट तैयार की गई। एक रिपोर्ट में भूमि को खाली दर्शाया गया, जबकि दूसरी रिपोर्ट में विपक्षी का कब्जा दिखा दिया गया। उनका दावा है कि उनके पास जीपीएस लोकेशन वाली तस्वीरें, गूगल अर्थ की इमेज और स्थानीय ग्रामीणों के शपथपत्र मौजूद हैं, जो यह साबित करते हैं कि संबंधित भूमि पर विपक्षी का कभी कब्जा नहीं रहा।महिला का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उनके अनुसार विपक्षी की ओर से यह संदेश भिजवाया गया कि "पूरी तहसील हमारे साथ है, कोई कुछ नहीं कर सकता।"वर्षों से न्याय की लड़ाई लड़ रही पीड़िता ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते विवादित भूमि पर हो रही प्लॉटिंग नहीं रोकी गई तो भविष्य में भूखंड खरीदने वाले लोग भी कानूनी विवाद में फंस सकते हैं और सरकारी बंजर भूमि को भी अपूरणीय क्षति पहुंचेगी।पीड़ित महिला ने पूरे मामले की प्रमुख सचिव राजस्व विभाग से लिखित शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है।प्रमुख सचिव ने जिला प्रशासन को जांच कराकर तत्काल कार्यवाही किये जाने के आदेश दिये है।
