लखनऊ :
चोरों ने किसान के घर से लाखों की चोरी,फल विक्रेता की बाइक भी उड़ाई।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज और निगोहां क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक ओर निगोहां थाना क्षेत्र में किसान के घर को निशाना बनाकर चोर जेवरात और नगदी समेट ले गए, वहीं दूसरी ओर मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर ली गई। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत और पुलिस गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
विस्तार:
किसान के घर से जेवरात और नगदी पार।
निगोहां थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी किसान मंशाराम के घर मंगलवार देर रात अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। बुधवार सुबह परिवार के लोग जागे तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर निगोहां पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
●फल विक्रेता की बाइक भी चोरी।
मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरा गांव में हाईवे किनारे रहने वाले फल विक्रेता लवकुश की बाइक मंगलवार देर रात घर के बाहर बरामदे से चोरी हो गई। बुधवार सुबह जब वह उठा तो बाइक गायब देखकर उसके होश उड़ गए।
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर तत्काल कार्रवाई के बजाय केवल जांच का आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की है।
