शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार—चोरी की बुलेट-स्प्लेंडर समेत दो बाइक और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार—चोरी की बुलेट-स्प्लेंडर समेत दो बाइक और अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली और नोएडा क्षेत्र से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को FNG सर्विस रोड यू-टर्न, सेक्टर-122 नोएडा के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ अजय (19), आमिर खान (23) और चेतन (22) के रूप में हुई है।

दिल्ली और नोएडा से चुराई थीं मोटरसाइकिलें

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि बुलेट मोटरसाइकिल सेक्टर-122 नोएडा क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया है।

बरामद बुलेट मोटरसाइकिल UP16EJ1853 थाना सेक्टर-113 में दर्ज मुकदमे से संबंधित है, जबकि स्प्लेंडर मोटरसाइकिल DL3SFG0312 के संबंध में दिल्ली के थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में मुकदमा दर्ज है।

तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अभिषेक उर्फ अजय के खिलाफ थाना फेस-3 और थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर के साथ-साथ दिल्ली में भी वाहन चोरी व अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कुल सात मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है।

वहीं, आरोपी आमिर खान के खिलाफ भी थाना फेस-3, थाना सेक्टर-113 और दिल्ली के थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में दर्ज मामलों समेत आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

तीसरे आरोपी चेतन के खिलाफ थाना फेस-3 और थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर के अलावा दिल्ली में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया है।

दो बाइक और दो अवैध चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने दोपहिया वाहन चोरी की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।