सोमवार, 17 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: पत्रकारों के स्वास्थ्य को मिली प्राथमिकता, नोएडा मीडिया क्लब में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पत्रकारों के स्वास्थ्य को मिली प्राथमिकता, नोएडा मीडिया क्लब में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की पत्रकारों की विभिन्न जांच, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह

दो टूक//नोएडा। पत्रकारों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए मैक्स मल्टी स्पेशियलिटी सेंटर, नोएडा के सहयोग से सोमवार को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नोएडा मीडिया क्लब से जुड़े पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान पत्रकारों के लिए ऑर्थोपेडिशियन परामर्श, आई स्क्रीनिंग, डेंटल स्क्रीनिंग, बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), बॉडी मास इंडेक्स (BMI) और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) सहित कई महत्वपूर्ण जांच की गईं। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की भी जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक परामर्श देते हुए पत्रकारों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

पत्रकारिता का पेशा अत्यंत व्यस्त और चुनौतीपूर्ण है। फील्ड रिपोर्टिंग, घटनास्थल पर लगातार कवरेज, देर रात तक काम और समाचारों की बदलती परिस्थितियों के बीच मीडिया कर्मी अक्सर अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पाते। ऐसे में नोएडा मीडिया क्लब परिसर में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल साबित हुआ।

शिविर में पहुंचे पत्रकारों ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के कारण कई बार नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए समय निकालना मुश्किल होता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर कई आवश्यक जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिलना बेहद सुविधाजनक है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से शरीर में पनप रही किसी समस्या का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सकता है और समय रहते उसका उपचार कराया जा सकता है।

नोएडा मीडिया क्लब की ओर से कहा गया कि पत्रकार समाज के विभिन्न मुद्दों को सामने लाने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिन-रात अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले पत्रकार साथियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से मैक्स मल्टी स्पेशियलिटी सेंटर के सहयोग से इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान मौजूद चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम ने पत्रकारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, समय-समय पर आवश्यक मेडिकल जांच कराने, खान-पान पर ध्यान देने और व्यस्त कार्यशैली के बीच पर्याप्त आराम एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

पत्रकारों ने नोएडा मीडिया क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया कर्मियों के लिए भविष्य में भी नियमित अंतराल पर ऐसे स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने इसे पत्रकार हित में एक सराहनीय और आवश्यक पहल बताया।।