गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 23.6 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस टीम लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस ने गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश पुत्र लक्ष्मण, निवासी सिमरौठी, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़, वर्तमान पता सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 22 वर्ष तथा रामपाल पुत्र नत्थूलाल, निवासी गडरपुरा, थाना बिल्सी, जिला बदायूं, वर्तमान पता सलारपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नितेश के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-39, थाना एक्सप्रेसवे और थाना सेक्टर-49 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा थाना नॉलेज पार्क में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
वहीं, आरोपी रामपाल के खिलाफ भी थाना नॉलेज पार्क में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज है।
23 किलो 600 ग्राम गांजा और बाइक बरामद
नॉलेज पार्क पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 23 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।।
