सोमवार, 17 अगस्त 2026

गौतमबुद्धनगर: कोटेदारों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, लाभांश ₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति कुंतल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कोटेदारों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, लाभांश ₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति कुंतल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

गौतमबुद्धनगर में 361 उचित दर विक्रेताओं को मिलेगा लाभ, ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 17 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उनके लाभांश में उल्लेखनीय वृद्धि की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा, जबकि जनपद गौतमबुद्धनगर में 361 कोटेदार इससे सीधे लाभान्वित होंगे।

लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पूर्ति विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को देखा और सुना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभांश बढ़ाने के साथ ही सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से कोटेदार वितरण व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और अपने फीडबैक को सीधे दर्ज करा सकेंगे। इससे समस्याओं के संज्ञान और उनके समाधान में तेजी आने के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई लाभांश वृद्धि की घोषणा पर उपस्थित कोटेदारों ने खुशी जताई।

दादरी विधायक तेजपाल नागर ने जनपद की 361 उचित दर दुकानों के कोटेदारों को लाभांश वृद्धि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि कोटेदार सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों को ध्यान में रखकर किए जा रहे प्रयासों से राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

जिलाधिकारी ने भी जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को लाभांश वृद्धि की बधाई देते हुए शासन के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं की भूमिका आम जनता तक सरकार की राशन वितरण व्यवस्था को पहुंचाने में महत्वपूर्ण है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि विधानसभा नोएडा एवं दादरी से संबंधित कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जबकि विधानसभा जेवर का कार्यक्रम तहसील जेवर सभागार में हुआ। जेवर में ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया, उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह, पूर्ति विभाग के अधिकारियों तथा कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, समस्त पूर्ति निरीक्षक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।

सरकार की ओर से लाभांश में की गई यह वृद्धि ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब उचित दर विक्रेता लंबे समय से अपने आर्थिक हितों को लेकर विभिन्न मांगें उठाते रहे हैं। लाभांश बढ़ने से जहां कोटेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली के जरिए राशन वितरण व्यवस्था में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को डिजिटल माध्यम से शासन तक पहुंचाने का रास्ता भी आसान होगा।।