लखनऊ :
किसान पथ पर कैमरा पोल गिराकर कैमरा उपकरण चोरी, सरोजनीनगर मे FIR दर्ज।।
दो टूक : लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में किसान पथ (लखनऊ रिंग रोड) पर सुरक्षा और निगरानी के लिए लगाए गए कैमरा पोल को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त करने और उपकरण चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार :
कंपनी प्रतिनिधि सुशील कुमार के मुताबिक, उनकी कंपनी QUALIX INFORMATION SYSTEM LLP द्वारा किसान पथ पर सुरक्षा एवं निगरानी के लिए कैमरे और अन्य उपकरण लगाए गए हैं। एक जून 2026 को सूचना मिली कि चेनज 28000 मेडियन के पास लगा कैमरा पोल किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने गिरा दिया है। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने पर पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला और उस पर लगे कई उपकरण टूटे हुए थे। वहीं कुछ उपकरण मौके से गायब भी मिले।
तहरीर के अनुसार, घटना में सोलर पैनल स्टैंड, पीटीजेड क्लैंप, एलआईयू, स्विच, कैमरा पोल, करीब 100 मीटर OFC/पावर केबल, फाउंडेशन, डीसी कन्वर्टर, कैबिनेट बॉक्स, लाइटनिंग अरेस्टर और पीटीजेड कैमरा समेत कई उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं।
वहीं चोर बैटरी, दो MCB, सोलर चार्ज कंट्रोलर, चार पैच कॉर्ड और दो सोलर पैनल समेत अन्य सामान उठा ले गए। कंपनी का कहना है कि घटना से उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और प्रथम दृष्टया यह कृत्य जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है।
कंपनी प्रतिनिधि ने यह भी बताया कि लखनऊ रिंग रोड (किसान पथ) परियोजना का हैंडओवर अभी NHAI को नहीं हुआ है और फिलहाल कंट्रोल रूम भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में घटना से संबंधित कैमरा रिकॉर्डिंग तत्काल उपलब्ध कराना संभव नहीं है। परियोजना के हैंडओवर और कंट्रोल रूम के संचालन के बाद ही रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई जा सकेगी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के साक्ष्यों और चोरी गए उपकरणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश के दौरान युवक से मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने का आरोप।
थाना बिजनौर क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित अरुण कुमार रावत ने दो नामजद आरोपियों पर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला करने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 22 अगस्त की शाम करीब पांच बजे चन्द्रावल-बिजनौर रोड पर तौफीक उर्फ मोनू की दुकान के सामने गाटा संख्या 990 में बनी बाउंड्रीवाल की पैमाइश के लिए उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर, लेखपाल और कानूनगो मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वह मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। अधिकारियों और ग्रामीणों को देखकर वह कुछ देर मौके पर रुक गया।
आरोप है कि अधिकारियों के वहां से चले जाने के बाद जब अरुण अपनी मोटरसाइकिल से घर जाने लगा, तभी रिजवान पुत्र इब्बन सिद्दीकी ने उसे पीछे से पकड़कर मोटरसाइकिल से खींच लिया। इसके बाद तौफीक उर्फ मोनू ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए वहां से चले जाने की धमकी दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी जान बचा सका। मारपीट में उसके शरीर पर कई चोटें आईं और सिर में गंभीर चोट लगने से खून भी निकला।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप में उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।
