लखनऊ :
साइबर लुटेरों ने तीन के खाते से 3.43 लाख रुपये से अधिक की रकम किया पार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए तीन मामलों में साइबर अपराधियों ने बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से 3.43 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पीड़ितों को कई मामलों में न तो कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी को ओटीपी साझा किया। पीड़ितों ने बैंक, साइबर हेल्पलाइन 1930 और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बन्थरा में दो बैंक खातों से निकाले 2.58 लाख।
बन्थरा थाना क्षेत्र के बन्थरा बाजार निवासी आयुष गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 जुलाई 2026 की शाम करीब सात बजे भुगतान करने के लिए उन्होंने अपने गूगल-पे से जुड़े बैंक खातों की जांच की। एसबीआई खाते में करीब 66 हजार रुपये और पीएनबी खाते में करीब नौ हजार रुपये देखकर उन्हें शक हुआ।
इसके बाद उन्होंने दोनों बैंक खातों की ऑनलाइन शिकायत कर उन्हें बंद कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि एसबीआई खाते से चार बार में 10 हजार, 20 हजार, 20 हजार और 10 हजार रुपये, जबकि पीएनबी खाते से चार बार में 50 हजार, 30 हजार, 20 हजार और 98 हजार रुपये निकाले गए।
इस तरह दोनों खातों से कुल 2.58 लाख रुपये की रकम साइबर अपराधियों ने निकाल ली। पीड़ित का दावा है कि उसे न कोई फोन आया, न मैसेज और न ही उसने किसी व्यक्ति को ओटीपी बताया।
गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर क्रेडिट कार्ड से 71 हजार से अधिक उड़ाए
दूसरी घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की है। अलकनंदा एन्क्लेव निवासी राम रूप कनौजिया ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त की शाम करीब 6:40 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को गैस कनेक्शन से संबंधित बताते हुए कहा कि ग्रीन गैस कनेक्शन की आईडी अपडेट नहीं करने पर गैस सप्लाई बंद हो जाएगी।
आरोपी ने पीड़ित को एक लिंक भेजकर आईडी अपडेट कराने की प्रक्रिया में काफी देर तक उलझाए रखा। कुछ समय बाद पीड़ित को साइबर ठगी का शक हुआ और उसने फोन काट दिया। इसके बाद खाते की जांच की तो उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 71,840.98 रुपये भारती एयरटेल लिमिटेड, नोएडा के खाते में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली।
इसके अलावा पीएनबी बचत खाते से भी 8,500 रुपये चार अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार सभी ट्रांजेक्शन शाम करीब 6:50 से 7:30 बजे के बीच हुए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराने के साथ पुलिस को कॉल की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध होने की बात कही है।
सरोजनीनगर में पुलिसकर्मी के दो खातों से 1.54 लाख गायब
तीसरा मामला सरोजनीनगर थाना क्षेत्र का है। 01 BN UPSSF, 32वीं पीएसी ट्रांसपोर्ट नगर में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद रशीद ने शिकायत देकर बताया कि उनके बैंक खातों से अचानक रकम कट गई।
पीड़ित के मुताबिक एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज खाते से 78,999 रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 75,800 रुपये निकल गए। दोनों खातों से कुल 1,54,799 रुपये की रकम गायब हुई। जानकारी होने पर उन्होंने बैंक के टोल फ्री नंबर और साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत की तथा ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई।
तीनों मामलों में जांच में जुटी पुलिस।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से साफ है कि साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों के बैंक खातों तक पहुंच बना रहे हैं। कहीं बिना ओटीपी बताए रकम निकल रही है तो कहीं गैस कनेक्शन अपडेट के नाम पर लिंक भेजकर पीड़ित को जाल में फंसाया जा रहा है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है और संबंधित बैंक खातों व ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।
बने जागरूक - रहे सावधान -: साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या यूपीआई संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी की चरितार्थ होगी।।
